मलेशिया सरकार ने तमिल दैनिक बंद कराया
कुआलालंपुर, 17 अप्रैल (आईएएनएस)। मलेशिया की सरकार ने तमिल दैनिक समाचार पत्र 'मक्कल ओसाई' के नवीनीकरण की अनुमति देने से इंकार करके उसका प्रकाशन बंद करा दिया है।
समाचार पत्र का प्रकाशन गुरुवार को बंद किया गया। अखबार के प्रबंधन ने कहा कि वह इसके खिलाफ अपील करेंगे।
मलेशिया के स्टार समाचार पत्र के अनुसार मलेशियन भारतीय कांग्रेस (एमआईएस) के पूर्व अध्यक्ष एस. सुब्रमण्यम के नजदीकी व्यक्ति इस पत्र को निकालते थे।
मक्कल ओसाई के प्रबंधक एस.एम. पेरीस्वामी ने कहा कि नवीनीकरण से अस्वीकृति का कोई कारण नहीं बताया गया है। अस्वीकृति का प्रमाण पत्र मक्कल के कार्यालय में बुधवार को फैक्स द्वारा पहुंचा।
समाचार पत्र को बंद करने से उसके 102 कर्मचारियों के समक्ष गंभीर संकट पैदा हो गया है। मक्कल की प्रसार संख्या 52,000 प्रतियां प्रतिदिन है।
मक्कल ओसाई यानी 'जनता की आवाज' साप्ताहिक के रूप में 1981 में शुरू हुआ था। इसे 2005 में दैनिक अखबार का रूप दिया गया।
गौरतलब है कि अखबार ने अपने 24 अगस्त के संस्करण में शराब विरोधी एक लेख में ईसा मसीह का शराब के साथ एक चित्र छापा था। इसलिए इसे दो हफ्ते के लिए प्रतिबंधित किया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।