भाजपा ने मांगा गृह मंत्री का इस्तीफा
नई दिल्ली, 17 अप्रैल (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में हत्या, लूट और बलात्कार की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताते हुए प्रमुख विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आज लोकसभा में केंद्रीय गृहमंत्री शिवराज पाटिल के इस्तीफे की मांग की।
भाजपा संसदीय दल के उपनेता विजय कुमार मल्होत्रा ने शून्य काल के दौरान दिल्ली में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों के अंदर दिल्ली में हत्या, लूट और बलात्कार की घटनाओं में बेतहाशा वृद्धि हुई है।
उन्होंने कहा कि यदि गृह मंत्री शिवराज पाटिल कानून व्यवस्था बनाये रखने में सक्षम नहीं है तो उन्हें अपने पद से तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए।
मल्होत्रा ने कहा, "दिल्ली अब अपराध की राजधानी बनती जा रही है। सिर्फ आज के अखबारों में ही अपराध से जुड़ी दस बड़ी घटनाओं का उल्लेख है। खबरिया चैनलों पर तो मानो दिन भर इसी प्रकार की खबरें चलती रहती हैं।"
उन्होंने कहा कि प्रति वर्ष पांच लाख लोग बाहर से दिल्ली आते हैं, लेकिन इस बढ़ती संख्या के मुकाबले पुलिस की संख्या में कोई इजाफा नहीं किया गया है। जो हैं, उनमें से भी अधिकतर पुलिस आये दिन वीआईपी आवाजाही में ही व्यस्त रहते हैं। आज ही तकरीबन 15 हजार पुलिसकर्मियों को सिर्फ ओलंपिक मशाल दौड़ की सुरक्षा के लिए तैनात किया गया है और पूरी दिल्ली को छावनी में तब्दील कर दिया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।