ओडिंगा ने ली केन्या के प्रधानमंत्री पद की शपथ
नैरोबी, 17 अप्रैल (आईएएनएस)। केन्या के विपक्षी नेता राइलो ओडिंगा ने गुरुवार को प्रधानमंत्री पद की शपथ ले ली है। इससे उनके और राष्ट्रपति मवाई कीबाकी के बीच चुनावों के बाद से जारी तनाव समाप्त हो गया है।
ब्रिटेन से 1963 में आजादी पाने के बाद वह केन्या के दूसरे प्रधानमंत्री हैं। ओडिंगा के साथ 40 कैबिनेट और 52 सहायक मंत्रियों ने भी शपथ ग्रहण किया।
ओडिंगा और कीबाकी के बीच चुनावों के बाद हुए हिंसक संघर्ष में करीब 1000 लोग मारे गए थे।
गौरतलब है कि संयुक्त राष्ट्र के पूर्व महासचिव कोफी अन्नान ने दोनों नेताओं के बीच शांति वार्ता और सत्ता में साझेदारी के समझौते के लिए मध्यस्थता की थी।
शपथ ग्रहण समारोह में कोफी अन्नान भी मौजूद थे। उन्होंने सभी केन्याई लोगों से विखंडित देश के नवनिर्माण के लिए नेताओं की सहायता करने को कहा।
केन्या के इतिहास में इस सबसे बड़े मंत्रिमंडल की कुछ लोग आलोचना कर रहे हैं। लेकिन सरकार में देश के सभी समुदायों को शामिल करने और शासन का अधिकांश काम मंत्रियों को सौंपने के लिए यह आवश्यक था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।