झारखंड के एक मंत्री पर लगा हत्या का षड्यंत्र रचने का आरोप
रांची, 17 अप्रैल (आईएएनएस)। झारखंड के ग्रामीण विकास मंत्री इनोस इक्का पर एक हत्या का षड्यंत्र रचने का आरोप लगा है। झारखंड पुलिस ने इस संबंध में प्राथमिक सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) बुधवार को दर्ज की है।
यह प्राथमिकी रुक्मिणी देवी ने दर्ज कराई है, जो झारखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (जेपीसीबी) के पूर्व अध्यक्ष तिलेश्वर जी. साहू की मां हैं।
प्राथमिकी के मुताबिक तिलेश्वर के पिता गजेंद्र साहू की हत्या गुमला जिले के जामडीह गांव में अज्ञात हमलावरों ने बुधवार को कर दी। हमले के वक्त गजेंद्र मवेशियों को चारा खिला रहे थे। एफआईआर में इक्का सहित सात लोगों को आरोपी बनाया गया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि हत्या के पीछे माओवादियों के रौतिया कम्युनिस्ट सेंटर (आरसीसी) का हाथ हो सकता है।
तिलेश्वर ने संवाददाताओं को बुधवार को बताया कि हमलावर उन्हें फंसाना चाहते थे और इस कारण उनके पिता का अपहरण करना चाहते थे। लेकिन उनके पिता ने इसका विरोध किया, तो उनकी हत्या कर दी गई। तिलेश्वर के मुताबिक इक्का के षड्यंत्र के कारण उनके पिता की हत्या की गई।
गौरतलब है कि तिलेश्वर इक्का के अत्यंत भरोसेमंद लोगों में से एक रहे हैं। 2005 में तिलेश्वर ने राज्य में अर्जुन मुंडा सरकार को नाजुक समय में फायदा पहुंचाया था, जिससे उन्हें मुंडा ने जेपीसीबी का अध्यक्ष पद सौंपा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।