मुफ्ती ने कश्मीर में पाकिस्तानी मुद्रा की मांग दुहराई
जम्मू , 16 अप्रैल (आईएएनएस)। जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) के नेता मुफ्ती मोहम्मद सईद ने बुधवार को दुहराया कि भारत और पाकिस्तान की मुद्राएं राज्य में चलाने का यह सबसे सही समय है।
जम्मू और कश्मीर में भारत तथा पाकिस्तान दोनों की मुद्राएं चलाने के अपने सुझाव का जोरदार बचाव करते हुए मुफ्ती ने कहा कि दोनों देशों की मुद्राओं के उपयोग की अनुमति से राज्य के दोनोंे हिस्सों के बीच व्यापार बढ़ेगा।
एक भीड़ भरे संवाददाता सम्मेलन में मुफ्ती ने कहा "यह दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन (सार्क) के लिए एक उदाहरण होगा।"
गौरतलब है कि मुफ्ती ने सोमवार को दोनों देशों की मुद्राओं को जम्मू-कश्मीर के दोनों भागों में चलाने का सुझाव दिया था। भारतीय जनता पार्टी ,शिवसेना और राज्य में भगवा विचारधारा के अन्य दलों ने मुफ्ती के बयान की आलोचना करते हुए सड़कों पर प्रदर्शन किए हैं।
सत्तारूढ़ गठबंधन के सदस्य कांग्रेस ने भी इस सुझाव की आलोचना की है। दोहरी मुद्रा के मुद्दे पर आलोचनाओं का सामना कर रहे मुफ्ती ने स्पष्ट किया कि उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया गया है। उनका आशय था कि दोहरी मुद्रा राज्य के दोनों भागों पर लागू हो न कि केवल एक हिस्से पर।
केंद्रीय जल संसाधन मंत्री और राज्य कांग्रेस के प्रमुख सैफुद्दीन सोज द्वारा उनके सुझाव को 'दुखद' बताने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मुफ्ती ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी राय प्रकट करने का अधिकार है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।