बैतूल लोकसभा उपचुनाव में भाजपा जीती (लीड)
भोपाल, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के बैतूल लोकसभा उपचुनाव में भाजपा ने कांग्रेस को करारी शिकस्त देकर 35 हजार से अधिक वोटों से जीत दर्ज कर ली है। भाजपा के हेमंत खंडेलवाल ने इस जीत के जरिए बैतूल पर अपनी पार्टी का कब्जा बरकरार रखने में सफलता हासिल की है।
यह उपचुनाव मध्यप्रदेश की राजनीति के लिहाज से काफी अहम था। इसीलिए भाजपा, कांग्रेस तथा समाजवादी पार्टी ने अपनी पूरी ताकत को दांव पर लगा दिया था। आखिर में मतदाताओं ने एक बार फिर भाजपा में अपना भरोसा जताया है। मतगणना के पहले दौर से ही भाजपा बढ़त बनाए हुए थी। 5वें दौर में भाजपा की बढ़त 15 हजार की थी जो 6वें दौर में 25 हजार तक पहुंच गई। अंत में भाजपा ने 35 हजार 440 वोटों के अंतर से जीत दर्ज कर ली।
इस चुनाव में भाजपा के उम्मीदवार हेमंत खंडेलवाल को कुल 3 लाख 674, कांग्रेस के सूखदेव पांसे को 2 लाख 65 हजार 234 वोट मिले जब कि समाजवादी पार्टी के सुनीलम को 21 हजार 698 मत हासिल कर चौथे स्थान पर रहकर संतोष करना पड़ा।
उपचुनाव के लिए 12 अप्रैल को मतदान हुआ था। मतदान का प्रतिशत अपेक्षा के विपरीत लगभग 60 प्रतिशत तक पहुंच जाने पर अलग-अलग तरह के कयास लगाये जा रहे थे। आज परिणाम घोषित होने से तस्वीर पूरी तरह साफ हो गयी है और भाजपा ने इस चुनाव से बैतूल पर अपना कब्जा बरकरार रखा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*