यूपी उप चुनाव : सभी सीटों पर बसपा जीत की ओर
लखनऊ, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। प्रदेश की दो लोकसभा और तीन विधानसभा सीटों के लिए हुए उप चुनाव में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) क्लीन स्वीप की ओर बढ़ रही है। दो विधानसभा सीटें उसकी झोली में जा चुकी हैं जबकि शेष सभी सीटों पर उसके प्रत्याशी बढ़त बनाए हुए हैं।
निर्वाचन आयोग से प्राप्त जानकारी के अनुसार हरदोई जिले की बिलग्राम विधानसभा सीट बसपा प्रत्याशी रजनी तिवारी ने 38168 मतों के भारी अंतर से जीत ली हैं। उन्हें 92196 वोट मिले जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा के विश्राम सिंह यादव को 54028 वोट मिले।
गोंडा जिले की करनैलगंज विधानसभा सीट पर बसपा की कुंवरी बृज सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा के योगेश प्रताप सिंह को 9000 मतों से शिकस्त दी है। गाजियाबाद की मुरादनगर विधानसभा सीट पर बसपा के राजपाल त्यागी 14 चक्रों की मतगणना के बाद अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी राष्ट्रीय लोकदल के कुंवर अयूब अली से 8000 मतों से आगे हैं।
आजमगढ़ लोकसभा सीट पर 6 चक्र की मतगणना के बाद बसपा के अकबर अहमद डम्पी अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा के बलराम यादव से 8474 मतों से आगे हैं जबकि भाजपा प्रत्याशी रमाकांत यादव सपा से 1000 वोट पीछे हैं। खलीलाबाद लोकसभा सीट पर 6 चक्रों की मतगणना के बाद बसपा के भीष्म शंकर उर्फ कुशल तिवारी अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा के भालचंद्र यादव से 23252 मतों से आगे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।