राजीव गांधी की हत्यारिन से मिली प्रियंका
एक अखबार के मुताबिक प्रियंका नलिनी से मिलकर यह जानना चाहती थीं कि उनके पिता को क्यों मार दिया गया? साथ ही प्रियंका ने नलिनी से यह भी पूछा कि इस घटना के पीछे मास्टर माइंड कौन था। जानकारी के अनुसार बातचीत के दौरान प्रियंका और निलनी दोनों काफी देर तक रोती रहीं।
प्रियंका ने कहा कि यह एक निजी मुलाकात थी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि हिंसा ने उनकी जिंदनी में जो उथल-पुथल मचाई है वह उससे उभरना चाहती हैं। इधर एक चैनल के वकील डी. राजकुमार ने सूचना के अधिकार के तहत प्रियंका और नलिनी की मुलाकात की तारीख और दोनों की बातचीत का ब्यौरा मांगा है।
जेल प्रशासन इस मुलाकात पर कुछ भी प्रतिक्रिया देने से इंकार कर रहा है। प्रियंका ने कहा कि 'जैसा खबरों में बताया जा रहा है कि 19 मार्च को मैंने वैल्लोर मंदिर की यात्रा की थी, वह सही नहीं है। मैं उससे (नलिनी से) बातचीत करने गई थी।'
खबरों के अनुसार प्रियंका ने यह मुलाकात खुफिया अधिकारियों के कहने पर की थी। सूत्रों के अनुसार एक खुफिया अधिकारी 11 मार्च को नलिनी से मिला था तथा उसे प्रियंका गांधी का फोटो दिखाकर पूछा था कि क्या वह उनसे मिलना चाहती हैं। नलिनी के हां कहने के बाद ही यह मुलाकात हो सकी।
प्रियंका और नलिनी की मुलाकात की खबर की पुष्टि नलिनी के वकील ने भी की है। गौरतलब है कि राजीव गांधी हत्याकांड में नलिनी को मौत की सजा सुनाई गई थी, लेकिन उसकी 5 वर्षीय बेटी के कारण सोनिया गांधी ने उसकी सजा को उम्रकैद में बदलने की पहल की थी।