अब रूस भी बर्ड फ्लू की चपेट में
वाल्दीवोस्टोक (रूस), 15 अप्रैल (आईएएनएस)। रूस के फार ईस्ट प्रशासन ने मंगलवार को प्राइमरी प्रांत के एक गांव में बर्ड फ्लू फैलने की पुष्टि कर दी है। इस गांव में बीते सप्ताह कुछ मुर्गियों की मौत भी हो गई थी।
फार ईस्ट प्रशासन के प्रवक्ता ने बताया कि बर्ड फ्लू के बढ़ते संक्रमण को ध्यान में रखते हुए इस इलाके में 35,000 से अधिक मुर्गियों को टीके लगाए जा चुके हैं।
गांव के एक मुर्गी फर्म की 40 मुर्गियों को भी मारा जा चुका है। इस फर्म के मालिक को बीते सप्ताह संदिग्ध रूप से बर्ड फ्लू होने पर रशियन सेंटर आफ एमरजेंसी मेडिसीन में भर्ती करवाया गया था।
इस अस्पताल के प्रवक्ता ने बताया कि फर्म मालिक की सभी जांच रिपोर्ट सामान्य पाई गई है।
इसके अलावा स्थानीय प्रशासन की ओर से बर्ड फ्लू की आशंका के मद्देनजर 150 वन्य जीवों के रक्त के नमूने भी लिए गए थे। इन जीवों की जांच रिपोर्ट भी सामान्य आई है।
इसी बीच यूराल्स जिले के पेरम शहर से प्राप्त खबरों के अनुसार यहां 37,500 मुर्गियों को मारा जा चुका है।
समाचार एजेंसी आरआईए नोवोस्ती ने 'विश्व स्वास्थ्य संगठन' (डब्ल्यूएचओ) के हवाले से बताया कि दुनिया में अब तक बर्ड फ्लू के कारण 239 लोगों की जान जा चुकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।