भारत और मिस्र द्विपक्षीय व्यापार दोगुना करने के लिए प्रयास करेंगे
नई दिल्ली, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत और मिस्र ने भरोसा जताया है कि अगले दो वर्षो के दौरान दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार दोगुना हो जाएगा।
दोनों देशों ने मौजूदा 2.8 अरब डालर के व्यापार को बढ़ाकर 5.6 अरब डालर तक ले जाने के लिए व्यापक आर्थिक सहयोग समझौता (सीईसीए) के प्रयास तेज कर दिए हैं।
भारत के दो दिवसीय यात्रा पर आए मिस्र के विदेश व्यापार एवं उद्योग मंत्री राशीद मोहमद राशीद ने आज कहा, "फिलहाल हमारे बीच 2.8 अरब डालर का व्यापार हो रहा है। इसे अगले दो वर्षो के दौरान दोगुना किया जा सकता है।"
राशीद ने कहा कि अपनी यात्रा के दौरान उन्होंने दोनों देशों के बीच अर्थिक मोर्चे पर आपसी सहयोग और मुक्त व्यापार समझौते का मसौदा तैयार करने के लिए एक संयुक्त अध्ययन दल के गठन पर चर्चा की है।
राशीद के साथ वाला मिस्र के व्यापार जगत के उच्च अधिकार प्राप्त 40 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया है। तय कार्यक्रम के मुताबिक ये प्रतिनिधि टाटा समूह, रिलायंस इंडस्ट्रीज, आदित्य बिड़ला समूह और एस्सार समूह जैसे यहां के बड़े-बड़े औद्योगिक घरानों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों से मुलाकात करेंगे।
गौरतलब है कि इस साल के अंत तक मिस्र के राष्ट्रपति होस्नी मुबारक की पहली यात्रा के बाद दोनों देशों के व्यापारिक रिश्तों के और परवान चढ़ने की संभावना जताई जा रही है। भारत में मिस्र के किसी राष्ट्रपति की यह यात्रा लगभग 25 वर्ष बाद होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।