पुतिन बने सत्ताधारी यूनाइटेड रसिया के अध्यक्ष
मास्को, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। रूस में राष्ट्रपति पद से कुछ समय बाद मुक्त होने वाले व्लादिमीर पुतिन मंगलवार को सत्ताधारी दल 'यूनाइटेड रसिया' के अध्यक्ष बन गए।
अध्यक्ष पद स्वीकार करने के साथ पुतिन ने पार्टी के सदस्यों को संसद में पूर्ण बहुमत के लिए आश्वस्त किया।
उन्होंने यूनाइटेड रसिया पार्टी के नेतृत्व स्वीकार करने के प्रस्ताव पर धन्यवाद देते हुए कहा कि पार्टी का नेतृत्व करना लोकतांत्रिक राज्य का एक सफल तत्व है।
पुतिन 7 मई को प्रधानमंत्री बनेंगे और उस समय देमित्री मेदवेदेव राष्ट्रपति का कार्यभार संभालेंगे। दोनों के बीच अधिकारों की लड़ाई होने की संभावना नहीं है। दोनों ने वादा किया हुआ है कि अग्रानुक्रम से शासन किया जाएगा।
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक यूनाइटेड रसिया पार्टी के अध्यक्ष बोरिस ग्राइजलोव ने सोमवार को पार्टी में एक सर्वोच्च पद बनाया था। इसके बारे में उन्होंने कहा था कि यह प्रतिदिन के किसी भी प्रबंधन कार्यो के लिए अतिरिक्त, अलग और ऊपर का पद होगा।
गौरतलब है कि पुतिन इस पार्टी के अध्यक्ष बन गए हैं जबकि वे आधिकारिक रूप से इसके सदस्य भी नहीं हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।