छतरपुर में रामनवमी के जुलूस में हथियारों का खुला प्रदर्शन
छतरपुर, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। रामनवमी के मौके पर मध्य प्रदेश के छतरपुर में हथियारों का खुलकर प्रदर्शन किया गया। लोग अपने हाथों में बंदूक-रिवाल्वर के साथ साथ फरसा, तलवार लेकर भी चल रहे थे। पुलिस अधीक्षक ने इस पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।
रामनवमी के मौके पर पूरे प्रदेश के साथ छतरपुर में भी भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। झांकियां थी, संगीत मय धुनों के साथ लोग झूम रहे थे। इस दौरान बड़ी तादाद में लोग हाथों में हथियार भी लहरा रहे थे। यह शोभा यात्रा शहर की गल्ला मंडी से शुरू हुई और प्रमुख मार्गों से होती हुई पुन: गल्ला मंडी पर जाकर खत्म हो गई, जहां रामजी का विधि विधान से जन्मोत्सव मनाया गया। भव्य शोभा यात्रा का आयोजन श्री राम सेवा समिति ने किया था।
सार्वजनिक स्थलों पर हथियारों का प्रदर्शन पूरी तरह गैरकानूनी है। यह प्रदर्शन भी उसी श्रेणी में आता है। जुलूस के साथ बड़ी तादाद में पुलिस बल थी मगर किसी ने भी इन्हें रोकने की कोशिश नहीं की। छतरपुर के पुलिस अधीक्षक डी़ श्रीनिवास से जब आईएएनएस ने इस मुद्दे पर बात की तो उन्होंने कहा कि वे इस पूरे मामले की जांच करा रहे हैं। साथ ही उन लोगों को भी चिन्हित कर रहे हैं जो खुले तौर पर हथियार लिए हुए थे। उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।