भारतीय कपड़ा मेले ने दक्षिण अफ्रीका में लहराया परचम
जोहांसबर्ग, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। दक्षिण अफ्रीका के दो प्रमुख शहरों में आयोजित भारतीय कपड़ों की प्रदर्शनी ने यहां के लगभग तमाम बड़े स्टोर के संचालकों और कारोबारियों को आकर्षित किया।
जोहांसबर्ग, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। दक्षिण अफ्रीका के दो प्रमुख शहरों में आयोजित भारतीय कपड़ों की प्रदर्शनी ने यहां के लगभग तमाम बड़े स्टोर के संचालकों और कारोबारियों को आकर्षित किया।
पिछले सप्ताह हुई इस प्रदर्शनी को 'अपारेल एक्सपोर्ट प्रोमोशन काउंसिल' (एईपीसी) ने प्रोत्साहित किया था। प्रदर्शनी में हिस्सा लेने वाले भारतीय प्रतिनिधियों के नेता विजय माथुर ने प्रदर्शनी को पूरी तरह सफल बताया।
जोहान्सबर्ग और केपटाऊन में आयोजित प्रदर्शनी में भारत के लगभग 13 कपड़ा उत्पादक कंपनियों ने अपने अपने उत्पादों को प्रदर्शित किया था। इनमें से कुछ कंपनियों ने पिछले साल एईपीसी द्वारा आयोजित इस श्रृंखला की पहली प्रदर्शनी में भी हिस्सा लिया था।
गौरतलब है कि वर्ष 2006 में दक्षिण अफ्रीका ने भारत से 5.243 करोड़ डालर के कपड़ों का आयात किया था। लेकिन एईपीसी द्वारा आयोजित किए जाने वाले कपड़ा प्रदर्शनी के कारण इस क्षेत्र में दक्षिण अफ्रीका का आयात 1.123 अरब डालर तक पहुंच गया।
माथुर ने आईएएनएस को बताया, "हमारे सदस्य दक्षिण अफ्रीका के डिजाइनरों और खरीदारों के लगातार संपर्क बनाए हुए हैं। हमारी कोशिश है कि यहां के स्थानीय उपभोक्ताओं की जरूरतों और मांग की पूर्ति की जाए।"
उन्होंने कहा कि वह दोनों देशों के बीच बड़े स्तर पर हो रहे पारंपरिक कपड़ा व्यापार को लक्ष्य नहीं करते। उनका सरोकार अंतर्राष्ट्रीय शैली के परिधान से है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**