ढाका के लिए रवाना हुई मैत्री एक्सप्रेस
कोलकाता, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत और बांग्लादेश के बीच बहुप्रतीक्षित मैत्री एक्सप्रेस आज कोलकाता रेलवे स्टेशन से ढाका के लिए रवाना हो गई। इसके साथ ही दोनों देशों के बीच लगभग 43 वर्षो के बाद रेल सेवा बहाल हो गई।
इस मौके पर रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव ने कहा, "इस ट्रेन की रवानगी भारतीय रेलवे के लिए ऐतिहासिक घटना है। भारत और बांग्लादेश के बीच द्विपक्षीय रिश्तों की यह नई शुरुआत है।"
रेल मंत्री ने कहा मैत्री एक्सप्रेस की शुरुआत से दोनों पड़ोसी देशों के लोग तो एक दूसरे से जुड़ेंगे ही साथ ही इससे हमारे सांस्कृतिक रिश्तों को भी मजबूती मिलेगी।
मैत्री एक्सप्रेस सप्ताह में दो दिन शनिवार और रविवार को चलेगी। 538 किलोमीटर की अपनी यात्रा के दौरान यह रेलगाड़ी बांग्लादेश में 418 किलोमीटर और भारत में 120 किलोमीटर क्षेत्र से गुजरेगी। यात्रा पूरी करने में रेलगाड़ी को 13 से 14 घंटे का समय लगेगा।
कोलकाता से ढाका तक की यात्रा के लिए 8 से 20 डालर तक मूल्य के टिकट हैं जिन्हें भारतीय मुद्रा रुपये में भी खरीदा जा सकता है।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 1965 में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए युद्ध के बाद बांग्लादेश और भारत के बीच चलने वाली सवारी गाड़ी बंद कर दी गई थी। तब बांग्लादेश पूर्वी पाकिस्तान का हिस्सा हुआ करता था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*