चीनी शेयर बाजारों में भारी गिरावट
बीजिंग, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय और क्षेत्रीय शेयर बाजारों में निवेशकों की घटती रुचि के कारण चीन के शेयर बाजारों ने आज जबर्दस्त गोता लगाया। यहां के सूचकांक 5.62 प्रतिशत नीचे चले गए।
इस वर्ष जनवरी के बाद से अब तक चीनी शेयर बाजारों में यह सबसे बड़ी गिरावट है। आज 'शंघाई कंपोजिट सूचकांक' 196.22 अंक गिरकर 3,296.67 पर जा पहुंचा। इस दौरान लगभग सभी शेयरों के भाव में गिरावट देखी गई।
उधर 'शेंझेन कंपोनेंट' सूचकांक 984.50 अंक अर्थात 7.39 प्रतिशत नीचे 12,343.61 पर बंद हुआ। पिछले चार सालों में यह सबसे बड़ी गिरावट है।
'हुयांग इंवेस्टमेंट' के विश्लेषक होंग यनहुआ का मानना है कि शेयर बाजारों में उक्त गिरावट सरकार द्वारा वित्तीय नीतियों को कड़े करने संबंधी अटकलों के मद्देनजर आई है।
होंग का कहना है कि बाजार का कारोबार शुक्रवार के 91.5 अरब यूआन के मुकाबले आज 99.6 अरब यूआन रहा क्योंकि निवेशकों ने बेतहाशा बिकवाली की।
गौरतलब है कि चीन फिलहाल भारी मुद्रास्फीति के दबाव से गुजर रहा है। यहां के केंद्रीय बैंक समेत लगभग सभी बैंक इस दबाव को स्वीकार कर चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।