उत्तर प्रदेश मेरिट लिस्ट जारी नहीं करेगा
माध्यमिक शिक्षा की सचिव प्रभा त्रिपाठी ने आईएएनएस को बताया कि माध्यमिक शिक्षा मंत्री ने मेरिट लिस्ट तैयार करने की प्रक्रिया को दोषपूर्ण बताया है। उनका मानना है कि इससे वित्तविहीन विद्यालयों में जोड़-तोड़ की कारस्तानी को बल मिल रहा है। हालत यह है कि अपने स्कूल को सर्वश्रेष्ठ दिखलाने के चक्कर में प्रतिभावान छात्रों के साथ खिलवाड़ हो जाता है।
इस मामले पर उन्होंने शिक्षाधिकारियों की राय भी जानी। उनके सुझाव के बाद ही इस निर्देश को लागू किया गया है। उधर प्रभा त्रिपाठी ने जानकारी दी है कि इस बार एक परीक्षक को मूल्यांकन के लिए केवल 500 कॉपियां ही जारी की जाएंगी और इस नियम को कड़ाई से लागू किया जाएगा।
इसके साथ ही उन निरस्त परीक्षाओं की तिथियां भी घोषित कर दी गई हैं जिसे निरस्त कर दिया गया था। जिन परीक्षा केंद्रों पर परीक्षाएं निरस्त की गई थीं अब वहां परीक्षाएं 13 अप्रैल को कराई जाएंगी।