भारत के साथ रिश्ते महत्वपूर्ण : प्रचंड
नई दिल्ली, 13 अप्रैल (आईएएनएस)। नेपाल के माओवादी नेता प्रचंड ने आज कहा कि उनका देश भारत के साथ 'महत्वपूर्ण' रिश्ते रखने का पक्षधर तो है लेकिन वह भारत और चीन के साथ 'बराबर की दूरी' बनाए रखेगा।
भारतीय टीवी चैनल 'टाइम्स नाऊ' के साथ एक साक्षात्कार के दौरान प्रचंड ने कहा, "हम राजनीतिक तौर पर भारत और चीन के साथ एक समान दूरी बनाए रखेंगे।"
उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत और नेपाल के रिश्ते ऐतिहासिक तौर पर महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा, "हमारे लिए भारत से अच्छे संबंध बनाए रखना जरूरी है। भारत के साथ अपने संबंधों में हम और सुधार लाएंगे।"
उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी बहुदलीय व्यवस्था की पक्षधर है।
बकौल प्रचंड "एक बहुआयामी समाज का निर्माण जरूरी है जो अपने आप में शांतिपूर्ण हो। उसके लिए हम इस नतीजे पर पहुंचे हैं कि शांति प्रक्रिया को आगे ले जाया जाए। हमें एक बहुदलीय ढांचा चाहिए।"
अमेरिका द्वारा माओवादियों को आतंकवादी संगठन कहे जाने पर प्रचंड ने कहा, "मेरी राय में यह बहुत हास्यास्पद बात है। हमने शांति प्रक्रिया में कदम रखा है, एक अंतरिम सरकार के तौर पर और अंतरिम संविधान लिखा है। हमने चुनाव में भाग लिया है और बहुमत की ओर बढ़ रहे हैं।"
नेपाल के चुनावों के दौरान अंतर्राष्ट्रीय पर्यवेक्षक अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जिमी कार्टर से अपनी बातचीत के बारे में उन्होंने कहा कि कार्टर ने उनकी बात को अमेरिकी प्रशासन के समक्ष रखने का उनसे वादा किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**