राष्ट्रपति के दिल के काफी करीब है महाराष्ट्र (लीड)
एयर इंडिया के विशेष विमान से, 13 अप्रैल (आईएएनएस)। भले ही प्रतिभा पाटिल नई दिल्ली में राष्ट्रपति भवन की शोभा बढ़ाती हो लेकिन महाराष्ट्र आज भी उनके दिल के काफी करीब है।
शनिवार को लातिन अमेरिकी देशों की यात्रा पर रवाना हुईं राष्ट्रपति गृह राज्य के प्रति अपने लगाव को छिपा नहीं सकीं।
विशेष विमान में मीडिया से बातचीत के दौरान वह भारत-मेक्सिको के द्विपक्षीय संबंधों में महाराष्ट्र के वर्धा जिले के पांदुरंग खानखोजे के योगदान का जिक्र करना नहीं भूलीं।
पाटिल ने इस शख्स के संघर्षपूर्ण जीवन की कहानी बयां करते हुए बताया कि विभिन्न देशों में मेहनत-मजदूरी करने के बाद मेक्सिको में उन्हें अपने जीवन की सही दिशा मिली थी।
खानखोजे ने मेक्सिको में कृषि वैज्ञानिक बनने तक का सफर तय किया था।
वर्ष 1949 में मेक्सिको सरकार ने खानखोजे को भूतपूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू का दूत बनाकर भारत भेजा था।
राष्ट्रपति ने बताया कि खानखोजे ने उस दौरान द्विपक्षीय संबंधों को मधुर बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। साथ ही राष्ट्रपति ने इंदिरा गांधी के शासनकाल में हुई हरित क्रांति में भी मेक्सिको के योगदान की काफी प्रशंसा की।
राष्ट्रपति ने कहा कि हरित क्रांति में अहम भूमिका निभाने वाली गेंहू की सोनोरा किस्म भी मेक्सिको से ही आई थी।
गौरतलब है कि लातिन अमेरिकी देशों के दौरे पर गई राष्ट्रपति गुरुवार को मेक्सिको पहुंचेंगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**