भारतीय इंजीनियरों के शव सोमवार को पहुंचेंगे दिल्ली
नई दिल्ली, 13 अप्रैल (आईएएनएस)। अफगानिस्तान के निमरोज प्रांत में शनिवार की सुबह आत्मघाती हमले में मारे गए दो भारतीय इंजीनियरों के शव सोमवार तक संभवत: नई दिल्ली पहुंच जाएंगे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों इंजीनियरों एम.पी.सिंह और सी. गोविंद स्वामी के शव काबुल के रास्ते विमान से नई दिल्ली लाए जाएंगे।
नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया, "तमाम औपचारिकताएं पूरी होने के बाद दोनों इंजीनियरों के शवों को नई दिल्ली लाया जाएगा।"
अधिकारियों का कहना है कि इस घटना में घायल लोगों को भी बेहतर उपचार के लिए संभवत: भारत लाया जाएगा।
विदेश मंत्रालय ने अफगानिस्तान में हुई इस घटना की कड़ी निंदा की है।
वहीं दूसरी ओर मंत्रालय ने स्पष्ट कर दिया है कि इस घटना से भारत द्वारा अफगानिस्तान में दी जा रही मानवीय सहायता पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
गौरतलब है कि शनिवार को दक्षिण पश्चिमी अफगानिस्तान के निमरोज प्रांत में शनिवार की सुबह दो आत्मघाती हमलावरों ने भारतीयों के काफिले को अपना निशाना बनाया था।
इस हादसे में दो इंजीनियरों की मौत हो गई थी जबकि पांच लोग घायल हो गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।