वामदलों ने नेपाल के नतीजों पर खुशी जताई
नई दिल्ली, 13 अप्रैल (आईएएनएस)। नेपाल की संविधान सभा के लिए हुए चुनावों में माओवादियों को मिली बढ़त पर भारतीय वामपंथी दलों ने प्रसन्नता जताई है।
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने अंतिम नतीजे आने तक व्यापक टिप्पणी करने से इंकार किया है लेकिन अभी तक के नतीजों पर उसने अपनी प्रसन्नता का इजहार किया है।
भाकपा महासचिव ए. बी. बर्धन ने कहा, "हम अंतिम नतीजों का इंतजार करेंगे और एक-दो दिन बाद ही कुछ कहेंगे।"
वहीं, माकपा महासिचव प्रकाश करात ने कहा, "हम अंतिम सूची का इंतजार करेंगे, लेकिन चुनाव कराए जाने के तरीकों को देखकर खुशी हुई है। यह अच्छी शुरुआत है।"
माकपा पोलितब्यूरो के सदस्य और सेंटर ऑफ इंडिया ट्रेड यूनियंस (सीटू) के मुख्य सचिव एम. के. पंधे ने कहा, "लोगों ने राजशाही के विरोध में मतदान किया है। यह लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत है। हमें उम्मीद है कि माओवादियों के नेतृत्व में नेपाल एक बहुमुखी और सुदृढ़ लोकतंत्र के तौर पर उभरेगा। नई सरकार को हर कीमत पर शांति और सौहार्द बनाए रखना चाहिए।"
रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी (आरएसपी) के मुख्य सचिव अबानी राय ने अब तक के नतीजों को नेपाल की लोकतांत्रिक जनता की जीत बताया।
उन्होंने कहा, "यह नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी पर माओवादियों की जीत है। इससे साफ जाहिर होता है कि माओवादी ही नेपाल की सबसे प्रमुख ताकत हैं और विपरीत प्रचारों के विरुद्ध वह नेपाल में लोकतंत्र की बहाली की मुहिम का हिस्सा रहे हैं।"
उन्होंने कहा कि नई सरकार के लिए नेपाल में शांति और लोकतंत्र बहाली बनाए रखना जरूरी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।