नीतीश मंत्रिमंडल के सभी मंत्रियों ने इस्तीफा सौंपा (लीड)
पटना, 13 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार की तैयारी अब अपने अंतिम चरण में है। मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर राज्य के सभी 27 मंत्रियों ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
जनता दल यूनाइटेड (जद-यू) के मंत्रियों ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मंत्रियों ने उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी को इस्तीफा सौंपा। मंत्रियों के इस्तीफे के बाद अब किसी भी समय राज्य में मंत्रिमंडल का विस्तार किया जा सकता है। सूत्रों के अनुसार मंत्रिमंडल का विस्तार आज शाम तक किए जाने की संभावना है।
मंत्रिमंडल में कई नये चेहरों को स्थान दिये जाने तथा कई पुराने मंत्रियों के विभाग बदलने की भी संभावना व्यक्त की जा रही है। गौरतलब है कि मंत्रिमंडल विस्तार के कारण मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों से इस्तीफा मांगा था। मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर मुख्यमंत्री अपने सहयोगियों और उपमुख्यमंत्री के साथ सलाह-मशविरा कर रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।