मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री की पत्नी पर दस हजार का जुर्माना
भोपाल, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की पत्नी साधना सिंह पर आयकर विभाग ने दस हजार रुपये का जुर्माना लगाया हैं। उन पर आरोप हैं कि आयकर विभाग को दिए गए ब्यौरे में उन्होंने पर्मानेन्ट एकाउन्ट नम्बर (पैन) गलत दर्ज किया हैं। कांग्रेस ने साधना सिंह के खिलाफ धोखा धड़ी का मामला दर्ज करने की मांग करते हुए भोपाल के टीटी नगर थाने में शिकायत की हैं।
जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री की पत्नी ने आयकर विभाग में बीते वित्तीय वर्ष का आय व्यय का जो ब्यौरा दिया हैं उसमें उन्होंने गलत पैन नम्बर दर्ज किया हैं। इस पर आयकर विभाग ने धारा 272 (बी) के तहत साधना सिंह को नोटिस जारी किया हैं। साथ ही उन पर दस हजार का जुर्माना भी किया।
मध्य प्रदेश विधान सभा में प्रतिपक्ष की नेता श्रीमती जमुना देवी ने टी़ टी़ नगर थाने में शिकायत देकर साधना सिंह के खिलाफ धारा 420 के तहत प्रकरण दर्ज करने की मांग की हैं। नेता प्रतिपक्ष के कार्यालय से जारी किए गए बयान में कहा गया हैं कि साधना सिंह ने अपनी आय और संपत्ति को छुपाने के लिए गलत पैन नम्बर दर्ज किया है। जमुना देवी के साथ विधायक आरिफ अकील, मुख्य प्रवक्ता मानक अग्रवाल, प्रवक्ता ज़े पी़ धनोपिया, जिला कांग्रेस अध्यक्ष जहीर अहमद सहित कई कार्यकर्ताओं ने थाने में शिकायत की। टी़ टी़ नगर थाने के प्रभारी सलीम खान ने बताया हैं कि जमुना देवी ने शिकायत की हैं जिस पर उन्होंने जांच शुरू कर दी हैं।
इस मामले में मुख्यमंत्री आवास से सम्पर्क किया गया, मगर जवाब के लिए कोई उपलब्ध नहीं हुआ। भाजपा के संगठन मंत्री अनिल दवे ने कहा कि वह शहर से बाहर हैं और उन्हें इस प्रकरण की जानकारी नहीं हैं।
उधर, इस मुद्दे पर आयकर विभाग का कोई भी अधिकारी बोलने को तैयार नहीं हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*