नाबालिग से बलात्कार के आरोप में 3 पुलिसकर्मी बर्खास्त
लुधियाना, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। पंजाब के लुधियाना शहर में एक 16 वर्षीय किशोरी से बलात्कार करने के आरोप में पंजाब पुलिस ने आज एक उप पुलिस निरीक्षक समेत तीन पुलिसकर्मियों को बर्खास्त कर दिया।
औद्योगिक शहर लुधियाना में घटना शुक्रवार रात उस समय हुई जब उपायुक्त के निवास स्थल के पीछे स्थित पार्क में तीन पुलिसकर्मियों ने किशोरी को उद्यान में अकेला पाकर उसके साथ बलात्कार किया। मिली जानकारी के अनुसार वह अपने दोस्त से मिलने उद्यान आई हुई थी।
लुधियाना जिले के पुलिस प्रमुख आर. के. जायसवाल ने घटना की बात स्वीकारते हुए कहा, "चिकित्सकीय जांच के बाद किशोरी से बलात्कार किए जाने की पुष्टि हो गई है।"
लुधियाना क्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक इश्वर सिंह ने भी कहा, "चिकित्सकीय जांच के बाद यह साफ हो गया है कि किशोरी के साथ बलात्कार किया गया है।"
इस घटना में शामिल तीनों पुलिसकर्मियों को बर्खास्त कर दिया गया है जिसमें पुलिस उपनिरीक्षक इंद्रजीत सिंह, हरी ओम और गुरुमेल सिंह शामिल हैं। तीनों पुलिस कंट्रोल रूम में तैनात थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।