महिलाओं से पिटना सौभाग्यशाली मानते हैं मर्द!
भोपाल, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। जब बात लाभ की हो तो लोग कुछ भी करने को तैयार हो जाते हैं। अब देखिए न महिलाओं पर हमेशा अत्याचार करने वाले मर्दो की जमात रूढ़ियों के चलते महिलाओं से अपनी पिटाई तक करवा लेती है।
मध्य प्रदेश के देवास के आदिवासी अंचल में वषों से चली आ रही मान्यता के तहत शुक्रवार को भी महिलाओं ने मर्दों की पिटाई की और मर्दों ने इसे अपना सौभाग्य माना।
देवास के आदिवासी बहुल इलाकों में मान्यता है कि नवरात्रि की पंचमी को जो भी मर्द महिलाओं के हाथों पिटता है उसका आने वाला वर्ष सफलताओं और उपलब्धियों से भर जाता है। इसीलिए पुरुष वर्ग पिटाई का विरोध नहीं करता और हंस-हंस कर इस पिटाई को स्वीकार कर जाता है।
शुक्रवार के दिन आदिवासियों के गांव बोरपडाव में एक विशेष आयोजन किया गया। परम्परा के मुताबिक चौराहे पर लगे एक खंभे पर गुड़ और मक्के का प्रसाद बांधकर टांगा गया। इस खंभे को घेर कर बेत लिए महिलाए खड़ी थीं। मर्द टोलियों की शक्ल में खंभे पर टंगा प्रसाद हासिल करने जाते हैं और इसी कोशिश के दौरान महिलाएं उनकी पिटाई करती हैं।
गण गौर तीज के मौके पर होने वाले इस आयोजन को लेकर मान्यता है कि प्रसाद पाने की कोशिश में महिलाओं से होने वाली पिटाई माता का आशीर्वाद होता है। जो जितना ज्यादा पिटता है उसका आने वाला वर्ष उतना ही अच्छा होता है। इस मौके का नजारा बरसाने की लट्ठ मार होली जैसा होता है। जहां एक ओर महिलाए मर्दो की पिटाई कर रही होती हैं वहीं मर्द प्रसाद पाने के लिए खंभे की ओर दौड़ लगाता होता है। इस सारे नजारे को देखने सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हुई। घंटों चले इस परंपरा के खेल का लोगों ने जमकर मजा लिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**