दिल्ली में दिनदिहाड़े घर में लूटपाट, मां-बेटी को घायल
नई दिल्ली, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के आदर्श नगर इलाके में शनिवार की सुबह लूटपाट की एक घटना से स्थानीय निवासी दहशत में हैं। पुलिस ने इस मामले में युवक धर्मेंद्र को गिरफ्तार कर लिया गया है।
इस घटना के पीछे पुलिस की शक की सुई उस रिक्शा चालक की ओर घूम रही है जिसे कुछ दिन पहले ही पीड़ित परिवार ने घर से निकाला था।
जानकारी के अनुसार शनिवार की सुबह 22 वर्षीय धर्मेन्द्र, रिक्शा चालक सहित चार लोग आदर्श नगर की मोनिका शर्मा के घर में घुस गए थे।
उस समय घर में मोनिका के अलावा उनकी 13 वर्षीय बेटी उर्वशी और पति राज कुमार भी मौजूद थे। घटना के वक्त उनका बेटा घर में नहीं था।
पुलिस ने बताया कि घर में घुसते ही इन लोगों ने सामान टटोलना शुरू कर दिया। जब उर्वशी और उसकी मां ने लुटेरों को रोकने की कोशिश की तो उन्होंने दोनों के साथ मारपीट की और किसी नुकीली वस्तु से उन पर वार कर दिया।
मां-बेटी की आवाज सुनकर आस-पास के लोग भी उनके घर में एकत्रित हो गए। ये लोग धर्मेन्द्र को पकड़ने में तो कामयाब हो गए लेकिन उसके अन्य साथी मौके से फरार हो गए।
इस घटना में उर्वशी और उसकी मां की गर्दन में चोटें आईं हैं। उर्वशी को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई जबकि मोनिका फिलहाल अस्पताल में ही भर्ती है।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल इस घटना की जांच की जा रही है। पुलिस इस पूरे मामले को आपसी दुश्मनी से जोड़कर देख रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।