आईआरडीए ने लगाया दो बीमा कंपनियों पर जुर्माना
चेन्नई, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। बीमा नियामक एवं विकास प्राधिकरण (आईआरडीए) ने दो बीमा कंपनियों 'श्रीराम लाइफ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड' और 'न्यू इंडिया इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड' पर तय शर्तो के अनुपालन में असफल रहने के कारण पांच-पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।
चेन्नई के श्रीराम समूह और दक्षिण अफ्रीका के सनलैम के संयुक्त उद्यम श्रीराम लाइफ इंश्योरेंस पर यह जुर्माना सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े व्यापारिक दायित्वों को न निभाने के कारण लगाया गया।
आईआरडीए के नियमों के अनुसार जीवन बीमा और गैर जीवन बीमा क्षेत्र की कंपनियों को साल में एक निश्चित संख्या में लोगों का बीमा करना आवश्यक है।
श्रीराम लाइफ इंश्योरेंस द्वारा 2007-08 में 7,500 लोगों का बीमा किया जाना था लेकिन वह केवल 5,952 लोगों का ही बीमा कर पायी। कंपनी पर जुर्माना लगाते हुए आईआरडीए ने कहा कि वह वर्तमान वित्त वर्ष में पिछली कमी को दूर करे ।
'भारती एक्सा लाइफ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड' नामक एक और कंपनी भी निर्धारित संख्या में लोगों का बीमा नहीं कर पाई लेकिन उसे आईआरडीए ने इसलिए क्षमा कर दिया क्योंकि कंपनी को काम करते हुए अभी कुछ ही दिन हुए हैं।
इसके अलावा गैर जीवन बीमा क्षेत्र की न्यू इंडिया इंश्योरेंस कंपनी पर भी निर्धारित लक्ष्य की पूर्ति न करने के लिए जुर्माना लगाया गया। उसे अगले दो वित्तीय वर्षो में अपना लक्ष्य पूरा करने को कहा गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications