लालू ने महंगाई के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराया
नई दिल्ली, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव ने महंगाई के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि भाजपा समर्थित व्यापारियों के षडयंत्र के कारण आज महंगाई सातवें आसमान पर पहुंच गई है।
अपने कुशल प्रबंधन के जरिए रेलवे को मुनाफे में पहुंचाने वाले यादव ने बढ़ती हुई महंगाई की तार को छठे वेतन आयोग की सिफारिशों से जोड़ दिया। उन्होंने कहा कि वेतन आयोग की सिफारिशों के आते ही महंगाई सातवें आसमान पर पहुंच गई। ऐसा लग रहा है मानों व्यापारियों को इस बात की हवा लग गई कि अब तो कर्मचारियों को पैसे ज्यादा मिलेंगे ही, तो क्यों न उनसे जमकर पैसे ऐंठ लिए जाएं।
कैबिनेट की बैठक के बाद संवाददाताओं को संबोधित करते हुए यादव ने यह बातें कही। उन्होंने कहा, "महंगाई भाजपा समर्थित व्यापारियों की षडयंत्र की वजह से बढ़ी है। इसकी जांच की जानी चाहिए।"
उन्होंने कहा कि पिछली बार जब आम उपभोग की वस्तुओं की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि हुई थी तो सभी राज्यों को दिशा-निर्देश दिया गया था कि वह जमाखोरी और कालाबाजारी पर कड़ी निगरानी रखें और जरूरत पड़े तो कड़े नियम भी बनाए, लेकिन भाजपा शासित किसी भी राज्य ने ऐसा नहीं किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications