गोवा की 'संगत' को मिला मैक्आर्थर अवार्ड
वाशिंगटन, 11 अप्रैलः करीब 35 करोड़ बच्चों और युवाओं के स्वास्थ्य से जुड़ी गोवा की सार्वजनिक स्वास्थ्य संस्था 'संगत' को मैक्आर्थर अवार्ड से नवाजा जाएगा। संस्था को यह अवार्ड सृजनात्मक और प्रभावशाली ढंग से काम करने को लेकर दिया जाएगा।
इसके लिए छह देशों की आठ संस्थाओं का चुनाव किया गया है। शिकागो के जॉन डी. और कैथेराइन टी. मैक्आर्थर फाउंडेशन ने इस पुरस्कार की घोषणा की। फाउंडेशन के मुताबिक संगत तीन लाख 50 हजार डालर के अनुदान का उपयोग नए क्लीनिक की स्थापना, प्रशिक्षण और अनुसंधान कार्य के लिए कर सकता है।
इन संस्थाओं को शिकागो के मुख्यालय में 12 जून को होने वाले एक समारोह में सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा सेमिनारों को भी आयोजित किया जाएगा। इसमें इन संगठनों के कार्यो के बारे में भी बताया जाएगा। उल्लेखनीय है कि 'संगत' 10 से 24 वर्ष के युवाओं को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराती है।
गौरतलब है कि मैक्आर्थर फाउंडेशन एक निजी और स्वतंत्र अनुदान देने वाली संस्था है। इसकी संपति करीब छह अरब 80 करोड़ डालर है और प्रत्येक साल यह करीब 26 करोड़ डालर का अनुदान देती है।


Click it and Unblock the Notifications