उप्र को सर्व शिक्षा अभियान के लिए मिलेंगे 42 अरब रुपये
लखनऊ , 11 अप्रैल (आईएएनएस)। काफी मशक्कत के बाद सर्व शिक्षा अभियान को आगे बढ़ाने के लिए उत्तर प्रदेश को केंद्र सरकार ने 42 अरब रुपये मुहैया कराने के लिए हामी भर दी है। इसके साथ ही सबको शिक्षा से जोड़ने के लिए कुछ नयी योजनाएं तैयार कराने के भी निर्देश दिए हैं।
सबों को शिक्षित करने के उद्देश्य से राज्य में शिक्षा परियोजना के तहत सर्व शिक्षा अभियान शुरू किया गया था। इसके अंतर्गत सभी नौनिहालों को बेहतरीन शिक्षा देने के साथ साथ वह सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं जो शैक्षिक परिवेश तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
प्रदेश में कुछ दिनों से परियोजना निदेशक का पद खाली होने से इस बजट के लिए कोई मुहिम नहीं चलाई जा रही थी। आखिरकार अन्य अधिकारियों के प्रयास से इस बजट को लेकर केन्द्र सरकार से बात की गयी और आखिरकार बात बन गई।
विभागीय सूत्रों नें आईएएनएस को बताया कि हाल ही में केंद्रीय मानव संसाधन मंत्रालय के अधिकारियों की बैठक में इस बजट को हरी झंडी दिखा दी गयी है। उन्होंने कहा, "बजट में राज्य भर में एक हजार से ज्यादा नये प्राथमिक विद्यालय का निर्माण, इसके अतिरिक्त संचालित विद्यालयों में चार दीवारी का निर्माण, अतिरिक्त कक्षाओं का निर्माण, शिक्षा मित्रों की नियुक्ति, बच्चों के लिए शौचालयों और पेयजल की बेहतरीन उपलब्धता के आदेश दिए गए हैं।"
इसके अलावा मंत्रालय ने परिषदीय विद्यालयों की स्थापना, प्राथमिक विद्यालयों की गुणवत्ता में सुधार लाने और मुफ्त पुस्तकें मुहैया कराने के भी खास निर्देश दिए गये हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications