कार सवार हत्यारों ने की चीनी मिल के डीजीएम व ग्राम प्रधान की हत्या (लीड)
लखनऊ , 11 अप्रैल (आईएएनएस)। मेरठ में आज किनौनी शुगर मिल के डिप्टी जनरल मैनेजर को ताबड़तोड़ गोली चलाकर मारने वालों ने उनकी हत्या के कुछ ही देर पहले एक पूर्व ग्राम प्रधान को भी गोलियों से छलनी कर दिया था। पुलिस अभी तक कार पर सवार हत्यारों का कोई सुराग नहीं पा सकी है। दोनों हत्याएं नाइन एमएम की पिस्टल से की गईं।
मेरठ से 35 किमी दूर सुरूरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत किनौनी शुगर मिल के गेट पर कार सवार बदमाशों ने डीजीएम सिद्धार्थ उपाध्याय का कार सवार लोगों ने गोलियों से भून दिया। बाद में यह तथ्य प्रकाश में आया कि कार सवार इन्हीं लोगों ने किनौनी से 15 किमी दूर कुलीन गांव में पूर्व ग्राम प्रधान साहिब सिंह की भी गोली मार कर हत्या कर दी।
पुलिस इन दोनों हत्याओं को जोड़कर देख रही है लेकिन अभी अधिकृत रूप से कुछ कहने को तैयार नहीं है। सूत्रों का कहना है कि 20 हजार के इनामी ऊधम सिंह गूजर और करनावल नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन सतीश सिंह के बीच अदावत है जिसमें कई बार दोनों पक्षों की ओर से हिंसात्मक गतिविधियां अंजाम दी जा चुकी हैं।
सूत्रों के अनुसार किनौनी शुगर मिल के डीजीएम सिद्धार्थ उपाध्याय और सतीश सिंह के बीच निकटता थी और पूर्व प्रधान साहिब सिंह भी सतीश का ही करीबी था। माना जा रहा है कि डीजीएम और पूर्व प्रधान की हत्याएं ऊधम गूजर और सतीश सिंह की रंजिश से जुड़ी हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications