भीड़ ने बलात्कार की शिकार विधवा को पीटा
नई दिल्ली, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। पूर्वी दिल्ली के मंडावली क्षेत्र में कुछ लोगों की भीड़ ने बलात्कार की शिकार एक 35 वर्षीया विधवा की गुरुवार देर रात को पिटाई की। इस महिला पर कथित बलात्कारी को ब्लैकमेल करने का आरोप है।
एक पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि करीब 15 से 20 लोगों ने विधवा की पिटाई की। घायल पीड़िता को एक अस्पताल में भर्ती किया गया जहां प्राथमिक चिकित्सा के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
पुलिस उपायुक्त (पूर्वी दिल्ली) अजय चौधरी ने कहा कि विधवा पर हमला पूर्व नियोजित था। उन्होंने बताया कि राम कुमार नामक व्यक्ति पर इस महिला के साथ बलात्कार करने का आरोप है। यह महिला उसकी किरायेदार भी है। बलात्कार होने के बाद भी महिला उसी के मकान में रह रही थी।
पुलिस ने बताया कि बलात्कार की शिकार महिला पर ब्लैकमेलिंग का आरोप है। आरोप के मुताबिक वह राम कुमार पर अपनी पत्नी को तलाक देने या 2 लाख रुपये का मुआवजा और एक मकान खरीदकर देने के लिए दबाव बना रही थी।
चौधरी ने बताया कि पीड़िता के शराब पीने के कारण शुक्रवार दोपहर तक उसका बयान दर्ज नहीं किया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।