राजधानी दिल्ली से बिहार को सर्वाधिक आमदनी
नई दिल्ली, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। यूं तो रोजी-रोटी कमाने के लिए बिहार के लोग देश के कोने-कोने में बसे हुए हैं।
लेकिन राजधानी नई दिल्ली में काम करने वाले बिहार के मूल निवासी अपने परिजनों को पैसे भेजने में देश के अन्य स्थानों में काम करने वाले बिहारियों से अव्वल हैं।
इस तथ्य का खुलासा हाल ही में लंदन स्थित 'ओवरसीज डिवेलपमेंट इंस्टीट्यूट' (ओडीआई) द्वारा किए गए सर्वेक्षण से हुआ है।
सर्वेक्षण से जुड़ी ओआईडी की प्रिया देशींगकर और सामाजिक शोधकर्ता अजय कुमार ने बताया कि मौजूदा समय में राजधानी दिल्ली और आस-पास के इलाकों में लगभग 10 लाख बिहारी बसे हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक इनमें से ज्यादातर रिक्शा चलाते हैं या फिर मजदूरों के रूप में काम करते हैं। साथ ही कुछ लोग लघु व्यवसायों से भी जुड़े हैं।
ओडीआई की रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली के अलावा हरियाणा, उत्तर प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, पंजाब व पश्चिम बंगाल में भी बिहारियों की अच्छी खासी तादाद है।
रिपोर्ट के मुताबिक सबसे ज्यादा दिल्ली में बसे बिहारी लोग अपने घरों में पैसे भेजते हैं।
सर्वेक्षण रिपोर्ट से यह भी पता चलता है कि आजकल लोग मनी आर्डर के बजाय निजी एजेंटों की मदद से परिजनों तक पैसे पहुंचवाने को ज्यादा तवज्जो देते हैं।
इसी प्रकार बाहरी इलाकों में रहने वाले अधिकांश बिहारियों ने बैंकों में भी खाते खुलवा लिए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications