उत्तर प्रदेश में अग्निशमन सेवा सप्ताह 14 अप्रैल से
लखनऊ , 11 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में आगामी 14 अप्रैल से 'अग्निशमन सेवा सप्ताह' मनाया जाएगा। आग से होने वाले नुकसान को न्यूनतम स्तर पर रखने, समय रहते आग से बचाव के संबंध जरूरी सावधानियॉ बरतनें आदि के बारे में अग्निशमन सप्ताह के दौरान जन-जागरूकता के विभिन्न कार्यक्रम विशेष रूप से चलाये जाएंगे।
भारत सरकार के दिशा निर्देशों के अनुरूप अग्नि सुरक्षा सप्ताह के संकल्प को 'आग से सुरक्षा : जीवन की रक्षा' शीर्षक दिया गया है।
विशेष सचिव गृह ज्ञान सिंह ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इस संबंध में गृह मंत्रालय भारत सरकार से मिले निर्देशों से सभी संबंधित अधिकारियों को अवगत कराते हुए उनका अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। अग्निशमन सेवा सप्ताह के अन्तर्गत प्रथम दिन 14 अप्रैल को उन दिवंगत अग्निशमन सेवा कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की जायेगी जिन्होंने अग्निकाण्ड से बचाव में अपने प्राणों की आहुति दे दी।
एक सप्ताह तक चलने वाले इस कार्यक्रम के दौरान आग से बचाव के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न व्यस्ततम सार्वजनिक स्थलों पर व्याख्यान एवं अग्निशमन उपायों का प्रदर्शन किया जाएगा। आग से बचाव के प्रति जन-जागरूकता विकसित करने के लिए विभिन्न संचार माध्यमों का उपयोग प्रचार-प्रसार कार्य के लिए किया जायेगा।
स्कूली बच्चों को आग से बचाव के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न शिक्षण संस्थाओं में निबन्ध और पोस्टर इत्यादि प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा आवासीय एवं औद्योगिक परिसरों में आग से बचाव के उपायों के प्रति भी जानकारी दी जाएगी। बहुमंजिला इमारतों में अग्नि सुरक्षा उपायों की जांच पड़ताल के लिए विशेष निरीक्षण भी किए जाएंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications