त्रिपुरा के मंत्री के बांग्लादेशी आतंकवादी से संबंधों की जांच के आदेश
अगरतला, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। त्रिपुरा पुलिस ने राज्य के खाद्य व नागरिक आपूर्ति मंत्री शाहिद चौधरी और एक बांग्लादेशी शस्त्र व्यावसायी के अवैध गठजोड़ की जांच करने का आदेश जारी किया है।
पश्चिम बंगाल और त्रिपुरा के आपराधिक जांच विभाग (सीआईडी) ने रामनगर से एक बांग्लादेशी मामू मियां उर्फ सुमन मजूमदार को पिछले महीने गिरफ्तार किया था। उस पर भारत विरोधी गतिविधियों और शस्त्र व विस्फोटकों की अवैध तस्करी में शामिल होने का आरोप था।
पुलिस महानिदेशक के. टी. डी. सिंह ने कहा कि पुलिस (विशेष शाखा) अधिकारियों ने मामू मियां की आपराधिक रिकार्ड को खंगालना शुरू कर दिया है और त्रिपुरा में उसके अवैध रूप से ठहरने में मदद देने वालों की तलाशी शुरू कर दी है।
राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता रतन लाल नाथ ने मुख्यमंत्री मानिक सरकार को एक पत्र लिखा है कि आरोपी मंत्री ने मामू मियां को स्थायी निवास प्रमाण पत्र (पीआरसी) और भारतीय पासपोर्ट दिलाने में मदद दी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications