शिवराज को चुनाव आयोग का नोटिस, जवाब देने की तैयारी
भोपाल, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। चुनाव आयोग ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को नोटिस जारी किया है। चौहान पर आरोप है कि उन्होंने बैतूल लोकसभा उपचुनाव में आचार संहिता का उल्लंघन किया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह तोमर ने कहा कि उनकी पार्टी चुनाव आयोग के नोटिस का जवाब देगी।
मुख्यमंत्री चौहान पर आरोप लगा है कि उन्होंने बैतूल लोकसभा उपचुनाव के दौरान सभाओं को गरीबों को तीन रुपये किलो गेहूं और साढ़े चार रुपये किलो चावल देने की घोषणाएं की हैं साथ ही सरकार की योजनाओं से संबंधित विज्ञापन भी समाचार पत्रों में जारी किए गए हैं। यह चुनाव आचार संहिता के खिलाफ है। पर्यवेक्षक की रिपोर्ट और कांग्रेस की शिकायतों के आधार पर चुनाव आयोग ने मुख्यमंत्री को नोटिस दिया है।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष तोमर ने कहा है कि गेहूं और चावल से संबंधित घोषणाएं आचार संहिता लागू होने से पहले ही कर दी गई थीं और इसका प्रावधान प्रदेश के बजट में भी किया जा चुका है। लिहाजा सभाओं में की गई घोषणाएं आचार संहिता का उल्लंघन नहीं हैं। फिर भी मुख्यमंत्री चौहान अपने वकीलों से रायशुमारी कर चुनाव आयोग के नोटिस का जवाब देंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications