सर्वोच्च न्यायालय द्वारा आरक्षण को वैध ठहराने से राजनीतिक दल खुश
नई दिल्ली, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। उच्च शिक्षण संस्थानों में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए 27 फीसदी आरक्षण को बरकरार रखने के सर्वोच्च न्यायालय के फैसले का अधिकतर राजनीतिक दलों ने स्वागत किया है।
यद्यपि आरक्षण केदायरे से क्रीमी लेयर को बाहर करने से कुछ दल निराश भी हैं। फैसले से सबसे ज्यादा खुश कांग्रेस पार्टी है। इसी प्रकार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) भी आरक्षण को सही मान रही है।
वहीं दूसरी ओर वाम दलों और लोक जनशक्ति पार्टी (एलजेपी) ने क्रीमी लेयर को आरक्षण से वंचित रखने पर खासी आपत्ति जताई है।
केन्द्रीय मानव संसाधन एवं विकास मंत्री अर्जुन सिंह ने सर्वोच्च न्यायालय के इस निर्णय को 'ऐतिहासिक फैसला' करार दिया।
कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक सिंघवी ने कहा कि न्यायालय ने बेहद समझदारी से बीच का रास्ता अख्तियार किया है।
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) नेता डी.राजा ने कहा, "यह एक सकारात्मक फैसला है। लेकिन सरकार को दोबारा से क्रीमी लेयर का निर्धारण करना चाहिए।"
एलजेपी सुप्रीमो राम विलास पासवान ने कहा, "हमारी पार्टी क्रीमी लेयर को भी आरक्षण के दायरे में शामिल करना चाहती है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।