उप्र परिवहन मंत्री को नोटिस, गृह सचिव से ब्यौरा मांगा (लीड)
लखनऊ , 10 अप्रैल (आईएएनएस)। निर्वाचन आयोग ने मायावती सरकार के परिवहन मंत्री राम अचल राजभर को आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने के आरोप में नोटिस जारी किया है। उनसे शुक्रवार 12 बजे तक जवाब तलब किया गया है। चुनाव आयोग ने गृह सचिव प्रमुख से भी राजभर को प्राप्त सुरक्षा का ब्यौरा मांगा है।
इसके साथ ही चुनाव आयोग ने हरदोई जिले में बिलग्राम विधानसभा क्षेत्र के सीईओ सुखसागर शुक्ला को हटाने का आदेश दिया है।
इधर आजमगढ़ और खलीलाबाद लोकसभा सीट और तीन विधानसभा सीटों हरदोई जिले में बिलग्राम, गोंडा में करनैलगंज और गाजियाबाद में मुरादनगर सीटों पर चुनाव के लिए प्रचार आज शाम पांच बजे समाप्त हो गया। मतदान 12 अप्रैल को होना है।
प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुज कुमार बिश्नोई ने बताया कि परिवहन मंत्री राम अचल राजभर खलीलाबाद में अनुमन्य संख्या से अधिक सुरक्षा कर्मियों के साथ घूमते पाए गए। आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में उन्हें आयोग ने नोटिस जारी किया है।
ए़ क़े बिश्नोई ने बताया कि मतदान के लिए सभी संवेदनशील क्षेत्रों में अर्ध सैनिक बल तैनात किए गए हैं हालांकि इनकी तैनाती सभी स्थानों पर नहीं है। माइक्रो पर्यवेक्षकों के अलावा आयोग ने विशेष पर्यवेक्षक भी तैनात किए हैं।
चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए 59 कम्पनी अर्ध सैनिक बल और 21 कम्पनी पीएसी को तैनात किया गया है। आज शाम पांच बजे चुनाव प्रचार समाप्त होने के बाद सभी बाहरी लोगों की चुनाव क्षेत्र में मौजूदगी को प्रतिबंधित कर दिया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications