सपा विधायक अरूण कुमार को निकाला जा सकता है पार्टी से
लखनऊ , 10 अप्रैल (आईएएनएस)। आजमगढ़ लोकसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी रमाकांत यादव के पुत्र और समाजवादी पार्टी (सपा) विधायक अरूण यादव को सपा ने पार्टी से निकालने का निर्णय कर लिया है।
सपा के एक प्रदेश पदाधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि आजमगढ़ के सपा जिलाध्यक्ष राम दर्शन यादव ने अपनी रिपोर्ट नेतृत्व को भेजी है जिसमें कहा गया है कि फूलपुर से सपा विधायक अरूण कुमार को इसी विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी बनाया गया था लेकिन वह लापता हैं। उनके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल रही।
प्रदेश नेतृत्व को भेजी रिपोर्ट में कहा गया है कि चूंकि उनके पिता भाजपा से चुनाव लड़ रहे हैं इसलिए वह भूमिगत होकर संभवत: अपने पिता के पक्ष में काम कर रहे हैं।
सपा के एक प्रदेश पदाधिकारी ने बताया कि नेताजी ने अरूण कुमार को सपा से बाहर निकालने के लिए हरी झंडी दे दी है लेकिन इसकी औपचारिक घोषणा 12 अप्रैल को मतदान के बाद की जाएगी ताकि रमाकांत को इससे सशक्त यादव बिरादरी में और सहानुभूति न मिलने पाए जो पहले से ही उनका टिकट काटने से सपा नेतृत्व से नाराज है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।