पुतिन 8 मई को बनेंगे प्रधानमंत्री

ड्यूमा के अध्यक्ष बोरिस ग्रीजलोव ने सोमवार को प्रेस को बताया, "रूस के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति दमित्री मेदवेदेव सात मई को शपथ ग्रहण करेंगे और आठ मई को हम प्रधनमंत्री पद के लिए पुतिन की उम्मीदवारी का अनुमोदन कर देंगे। "
आठ वर्ष के शासनकाल के बाद राष्ट्रपति पद से हटने जा रहे पुतिन ने पहले ही कहा था कि यदि मेदवेदेव जीतते हैं तो वह प्रधानमंत्री का पद स्वीकार कर सकते हैं।
गौरतलब है कि दो मार्च को हुए राष्ट्रपति चुनावों में मेदवेदेव ने 70 प्रतिशत से अधिक वोट प्राप्त करके जीत हासिल की थी।
रूसी संविधान के अनुसार राष्ट्रपति के शपथ ग्रहण करने के साथ ही मंत्रिमंडल भंग हो जाता है। राष्ट्रपति दो हफ्ते के अंदर नए प्रधानमंत्री की नियुक्ति कर सकता है। नया प्रधानमंत्री अपनी नियुक्ति के एक सप्ताह के भीतर मंत्री परिषद का गठन कर सकता है।
संसद में बहुमत प्राप्त यूनाईटेड रसिया पार्टी के ड्यूमा अध्यक्ष ग्रीजलोव ने पिछले मंगलवार को कहा था कि मेदवेदेव पुतिन को प्रधानमंत्री पद के लिए उम्मीदवार बनाएंगे।
यह आशंका व्यक्त की जा रही है कि दो बार राष्ट्रपति रह चुके पुतिन ही वास्तविक रूप में शासन चलाएंगे। लेकिन निर्वाचित होने के बाद मेदवेदेव ने कहा था कि प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति के बीच शक्तियों के फिर से बंटवारे की उनकी कोई योजना नहीं है।
पुतिन और उनकी साझेदारी प्रभावी रूप से सिद्ध हो चुकी है और भविष्य में शक्ति संघर्ष की कोई आशंका नहीं है।


Click it and Unblock the Notifications