अमिताभ देश के महानायकः शिवसेना

कावेरी नदी के पानी के मुद्दे पर कर्नाटक और तमिलनाडु के बीच छिड़े विवाद में रजनीकांत के आंदोलन के संदर्भ में पार्टी के मुखपत्र मराठी दैनिक 'सामना' में दो दिन पूर्व छपी एक रिपोर्ट में बच्चन की कथित रूप से आलोचना की गयी थी । वह पहले से महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना अध्यक्ष राज ठाकरे की आलोचनाओं के निशाने पर थे।
मीडिया में यह मुद्दा खूब उछाला गया जिसके बाद 'सामना' के संपादकीय में बच्चन को लेकर पार्टी ने रुख नरम किया है । संपादकीय में कहा गया है कि बच्चन देश के महानायक हैं इसलिये उन्हें जन्मभूमि और कर्मभूमि के विवाद में उलझाना ठीक नहीं है । विश्वास जताया गया है कि महाराष्ट्र के राजनीतिज्ञ महानायक से कुछ करने को कहेंगे तो वह इंकार नहीं करेंगे ।
संपादकीय में बच्चन और गांधी परिवार के बीच संबंधों में आई खटास और उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती की सरकार के अभिनेता को तंग करने के रवैये की आलोचना की गयी है। संपादकीय में एक बार फिर रजनीकांत समेत अन्य कलाकारों के आंदोलन में शामिल होने की तारीफ की गयी है और अफसोस व्यक्त किया गया है कि शिवसेना जब महाराष्ट्र के हितों की बात करती है तो कलाकार उससे दूर रहते हैं और साथ नहीं देते तथा उस पर सांप्रदायिक या प्रांतवादी पार्टी होने के आरोप लगते हैं।
इससे पूर्व रविवार को 'सामना' को दिये बयान में शिवसेना प्रमुख ने कहा था बच्चन से उनके पारिवारिक संबंध हैं और पार्टी के मुखपत्र में छपी एक खबर का इलेक्ट्रॉनिक मीडिया ने मनमाना अर्थ लगाया है>
इस खबर में दावा किया गया कि मीडिया की ऐसी खबरों से बिगड़ जाएं, इतने कच्चे हमारे संबंध नहीं हैं। इस बयान में स्पष्ट किया गया है कि अखबार में छपी खबर को पार्टी का रुख मान लेना गलत है। संपादकीय में ऐसी बात कही गयी होती या शिवसेना प्रमुख ने ऐसा कोई बयान दिया होता तो बात अलग थी लेकिन ऐसा कुछ नहीं था।


Click it and Unblock the Notifications