खाद्य तेल की कीमतों में कमी के आसार नहीं
नई दिल्ली, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। सरकार द्वारा खाद्य तेल की बढ़ती कीमतों पर अंकुश लगाने के लिए उठाए गए कदमों के परिणाम अभी तक रंग लाते नहीं दिख रहे हैं। विशेषज्ञों की मानें तो इन सरकारी उपायों के प्रभावी होने के आसार कम ही हैं।
नई दिल्ली, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। सरकार द्वारा खाद्य तेल की बढ़ती कीमतों पर अंकुश लगाने के लिए उठाए गए कदमों के परिणाम अभी तक रंग लाते नहीं दिख रहे हैं। विशेषज्ञों की मानें तो इन सरकारी उपायों के प्रभावी होने के आसार कम ही हैं।
इससे पूर्व केंद्रीय मंत्रिमंडल की 31 मार्च को हुई विशेष बैठक में सरकार ने सभी कच्चे खाद्य तेलों पर जारी आयात कर को समाप्त करने और रिफाइंड खाद्य तेलों पर आयात कर को घटाकर 7.5 फीसदी करने का फैसला किया था।
उधर इस बात की चर्चा भी गर्म है कि सरकार खाद्य तेलों की बढ़ती कीमतों पर लगाम लाने के लिए इसके वायदा कारोबार पर प्रतिबंध की घोषणा कर सकती है। बाजार विशेषज्ञ हालांकि इस बात की संभावना से इंकार करते हैं कि सरकार का यह कदम कीमतों को रोकने की दिशा में प्रभावी होगा।
कमोडिटी विशेषज्ञ मीनाक्षी शर्मा ने आईएएनएस से बातचीत में बताया कि घरेलू बाजार में खाद्य तेल की कीमत पूरी तरह से वैश्विक बाजार खासकर मलेशिया, इंडोनेशिया और अमेरिकी बाजार से प्रभावित होता है। इस बात को इसी से समझा जा सकता है कि कुल वार्षिक घरेलू मांग यानी 1.1 करोड़ टन खाद्य तेल में से 40 लाख टन पाम तेल और 20 लाख टन सोया तेल का भारत आयात करता है जबकि वायदा बाजारों में वर्ष 2007-08 के आधार पर देखें तो मासिक तौर पर औसतन 22 लाख टन खाद्य तेल का कारोबार होता है।
मीनाक्षी शर्मा के अनुसार सोया और पाम तेल की घरेलू कीमत क्रमश: अमेरिकी वायदा बाजार शिकागो बोर्ड आफ ट्रेड (सीबोट) और मलेशिया के वायदा बाजार (बीएमडी) पर निर्भर करती है।
मलेशिया के वायदा बाजार (बीएमडी) में सोमवार को क्रूड पाम तेल (सीपीओ) जून वायदा 85 मलेशियन रिंगिट चढ़कर 3,382 मलेशियन रिंगिट प्रति टन बंद हुआ जबकि घरेलू वायदा बाजार बंद होने के समय शिकागो बोर्ड आफ ट्रेड (सीबोट) के इलेक्ट्रानिक ट्रेडिंग में सोया तेल मई वायदा 38 अंक ऊपर था।
सोया तेल अप्रैल वायदा एनसीडीईएक्स में सोमवार को 5.85 रुपये कमजोर होकर 562.45 रुपये प्रति 10 किलो बंद हुआ जबकि समान अवधि का सोया तेल वायदा इंदौर स्थित नेशनल बोर्ड आफ ट्रेड (एनबीओटी) में 7.10 रुपये कमजोर होकर 562.50 रुपये प्रति 10 किलो बंद हुआ। एमसीएक्स में दिन के कारोबार की समाप्ति पर समान अवधि का सोया तेल वायदा 6.85 रुपये की नरमी से 562.60 रुपये प्रति 10 किलो बंद हुआ।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications