नकली सोने की ईंटें बेचने वाला महिला गिरोह पकड़ा गया
वडोदरा, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। गुजरात में पुलिस ने सोने की नकली ईंटें बेचने वाली दो महिलाओं को आज गिरफ्तार किया।
माकड़पुरा क्षेत्र के पुलिस निरीक्षक आर. डी. लश्करी के अनुसार पकड़ी गई दोनों महिलाएं एक महिला गिरोह से ताल्लुक रखती हैं जिसके दस सदस्य एक ही परिवार के हैं।
पुलिस के अनुसार यह गिरोह नकली धातु को सोना बता कर सीधे-सादे लोगों को बेचता था। पकड़ी गई महिलाओं के नाम पार्वतीबेन कोली और संगीता हैं।
यह गिरोह राजकोट जिला के चोटिला तालुका का है जो भरूच जिले के अंकलेश्वर में भी लूटपाट कर चुका है।
प्राप्त सूचना में कहा गया है कि अब तक यह गिरोह एक हजार से भी अधिक नकली ईंटों को असली बताकर बेच चुका है।
लश्करी के अनुसार यह गिरोह अधिकतर गृहिणियों को अपना शिकार बनाता था। सूचना में कहा गया है कि पंचमहल जिले के खानपुर गांव में लुटेरी महिलाओं के घर की खुदाई करने पर असली सोने की ईंटें प्राप्त हुई हैं।
पुलिस का कहना है कि गिरोह की शिकार अधिकतर खानपुर गांव की गृहिणियां ही हुई हैं। लूटी गई राशि लाखों में बताई जा रही है।
लश्करी का कहना है कि नकली ईंटें अहमदाबाद में बनाई जाती थी। मामले की जांच चल रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications