सिंगुर में स्वराज पाल को दिखाए काले झंडे
कोलकाता, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। अप्रवासी भारतीय और लंदन के उद्योगपति स्वराज पाल को आज सिंगुर पहुंचने पर ग्रामीणों ने काले झंडे दिखाए। पाल सिंगुर में टाटा मोटर्स के फैक्ट्री स्थल को देखने पहुंचे थे।
पश्चिम बंगाल के पुलिस महानिरीक्षक (कानून व व्यवस्था) राज कनौजिया ने आईएएनएस को बताया कि एनआरआई उद्योगपति पाल के आने पर कुछ ग्रामीणों ने विरोध जताने के लिए उन्हें काले झंडे दिखाए। ये लोग भूमि अधिग्रहण के प्रति विरोध जता रहे थे।
पुलिस ने बताया कि 'सिंगुर कृषि जमीं, जिबोन और जिबिका रक्षा समिति' (सिंगुर सेव फार्मलैंडस कमिटी) ने मैतीपाड़ा और घासरचक बेलताला क्षेत्र में सड़क जाम किया था।
गौरतलब है कि ब्रिटेन के कैप्रो ग्रुप के संस्थापक व अध्यक्ष स्वराज पाल हैं। पाल का यह ग्रुप सिंगुर में 1 अरब 20 करोड़ रुपये का निवेश कर रहा है। यह ग्रुप टाटा मोटर्स को सिंगुर में उपकरणों की आपूर्ति कर रहा है जिससे दुनिया की सबसे सस्ती कारों में से एक 'नैनो' बनाई जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications