नेपाल में हिंसा, राजधानी के निकटवर्ती शहर में कर्फ्यू
काठमांडू, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। राजधानी काठमांडू के एक निकटवर्ती शहर में मंगलवार को सत्तारूढ़ दलों के बीच भड़की हिंसा को देखते हुए अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लगा दिया गया है।
काठमांडू, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। राजधानी काठमांडू के एक निकटवर्ती शहर में मंगलवार को सत्तारूढ़ दलों के बीच भड़की हिंसा को देखते हुए अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लगा दिया गया है।
नेपाली प्रधानमंत्री गिरिजा प्रसाद कोईराला के दल नेपाली कांग्रेस पार्टी और नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी-मार्क्सवादी लेनिनवादी संयुक्त (यूएमएल) के बीच धादिंगबेसी शहर में संविधान सभा चुनाव से मात्र 48 घंटे पूर्व दंगा भड़क उठा।
प्राप्त सूचना के अनुसार माओवादी काडरों ने भी अपने प्रतिद्वंद्वियों पर हमले किए हैं।
माओवादियों के एक सशक्त दल युवा कम्युनिस्ट लीग (वाईसीएल) ने मंगलवार को नेपाली कांग्रेस और यूएमएल पर हमला किया है। करीब 150 वाईसीएल कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को तानाहुन और लामजंग जिलों के बीच यह हमला बोला।
इससे पूर्व सोमवार को भी नेपाली कांग्रेस की एक रैली पर हमला किया जा चुका है।
गौरतलब है कि सरकार और माओवादियों के बीच मुक्त और साफ चुनाव कराने हेतु एक शांति समझौता किया गया था।
इसके बावजूद अनेक अंतर्राष्ट्रीय पर्यवेक्षकों ने वाईसीएल को चुनाव-पूर्व हिंसा का सबसे बड़ा जिम्मेदार माना है।
इस बात की भी आशंका व्यक्त की गई है कि गुरुवार के चुनाव में माओवादी पीपल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के हथियारबंद लड़ाकों का इस्तेमाल कर सकते हैं।
उधर संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून के विशेष नेपाली प्रतिनिधि इयान मार्टीन ने सोमवार को जारी बयान में कहा कि यदि पीएलए को चुनाव के दौरान तैनात किया जाता है तो अंतर्राष्ट्रीय समुदाय चुनावों को अवैध करार देगा।
उल्लेखनीय है कि गत वर्ष दो बार स्थगित होने के बाद इस वर्ष चुनाव कराए जा रहे हैं जबकि माओवादी ऐलान कर चुके हैं कि यदि फैसला उनके विरुद्ध आया तो वह नया अभियान शुरू करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications