असम में मशरूम खाने से हुई मौतों की जांच करेंगे वैज्ञानिक
गुवाहाटी, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। असम में मशरूम खाने से हुई 20 लोगों की मौत ने असम सरकार के लिए मुश्किलें पैदा कर दी हैं। राज्य सरकार द्वारा नियुक्त वैज्ञानिक इसके कारणों का पता लगा रहे हैं।
गौरतलब है कि राज्य की कृषि मंत्री प्रमिला रानी ब्रह्मा ने इन मौतों के कारणों का पता लगाने के लिए असम कृषि विश्वविद्यालय (एएयू) के कुलपति एस.एस. बघेल के नेतृत्व में एक जांच समिति गठित की है।
असम के स्वास्थ मंत्री हेमंत बिस्वास ने बताया, "रविवार तक जहरीला मशरूम खाने से 13 लोगों की मौत हुई थी लेकिन पिछले 48 घंटों में उनकी संख्या बढ़कर 20 हो गई है। हम मौत के कारणों की जांच कर रहे हैं।"
एएयू के वैज्ञानिकों ने बताया कि 'अमानिता फाल्लोड्स वेल' नामक मशरूम क ो खाने से लोगों की मौत हुई है। यह मशरूम की एक जहरीली प्रजाति होती है।
राज्य के कृषि विभाग के अधिकारी ने बताया, "एएयू के वैज्ञानिकों ने इस मशरूम की पहचान एक विषैले मशरूम के रूप में की है जो पहली ही बरसात में तेजी से फलता-फूलता है।"
स्थानीय मीडिया ने लोगों के मशरूम खाने का कारण राज्य में गरीबी और खाद्य पदार्थो की कमी बताया है। लेकिन राज्य सरकार ने इन खबरों का खंडन किया है और कहा कि राज्य में पर्याप्त खाद्य पदार्थ है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications