न्यायसंगत वैश्विक व्यवस्था के लिए काम करें भारत व अफ्रीका : प्रधानमंत्री (लीड-1)
नई दिल्ली, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा है कि भारत और अफ्रीका को अधिक न्यायसंगत वैश्विक अर्थव्यवस्था और राजनीति के लिए एक काम करना चाहिए। वह यहां पहले भारत-अफ्रीका शिखर सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने यह भी कहा कि भारत अफ्रीका के उन 34 देशों को व्यापार में प्राथमिकता देगा जो दुनिया के सबसे कम विकसित देशों में आते हैं। इसके अलावा भारत ने अफ्रीकी देशों के लिए ऋणसीमा 2.15 अरब डालर से बढ़ाकर 9.7 अरब डालर करने को कहा है।
प्रधानमंत्री ने 21वीं सदी को एशिया और अफ्रीका की सदी में बदलने का आह्वान करते हुए कहा कि हम अफ्रीका को उसके सही स्थान पर देखना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि हम अफ्रीका के साथ एक ऐसी साझेदारी विकसित करना चाहते हैं जो समानता, आपसी सम्मान और लाभ के मूल सिद्धांतों पर आधारित हो।
सिंह ने कहा कि भारत और अफ्रीका के दो अरब लोग मिलकर लाभप्रद साझेदारी का एक अनूठा उदाहरण प्रस्तुत कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह साझेदारी केवल सरकारों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसका विस्तार सभी संभव क्षेत्रों में होना चहिए।
इस दो दिवसीय सम्मेलन में व्यापार और ऊर्जा क्षेत्रों में भागीदारी की संभावनाएं तलाशी जाएंगी।
इससे पहले सुबह अफ्रीकी मेहमानों का स्वागत करते हुए विदेश राज्यमंत्री आनंद शर्मा ने कहा कि यह सम्मेलन दोनों देशों को व्यापक साझेदारी विकसित करने में मदद करेगा।
गौरतलब है कि भारत और अफ्रीकी विदेश मंत्रियों ने एक घोषणा पत्र का मसौदा भी तैयार किया है जिसे सम्मेलन के अंत में पेश किया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications