आस्ट्रेलियाई सेना के लिए विशेष सुपर चाकलेट
सिडनी, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। लगता है कि आस्ट्रेलिया की सरकार अपने देश की सेना के लिए अस्त्र-शस्त्रों को लेकर ही चिंतित नहीं है, बल्कि जवानों के स्वाद का भी पूरा ध्यान रखती है।
यही वजह है कि आस्ट्रेलियाई सेना के वैज्ञानिकों ने सैनिकों के लिए विशेष प्रकार की स्वास्थ्यवर्धक सुपर चाकलेट बनाने की पहल की है।
विज्ञान पत्रिका 'साइंस नेटवर्क' के अनुसार, "विटामिन से भरपूर, कम कैलोरी वाली और देरी से पिघलने वाली इस चाकलेट को जल्द ही विपरीत परिस्थितियों में दुश्मनों से लोहा लेना वाली आस्ट्रेलियाई सेना के राशन में शामिल किया जाएगा।"
जानकारों के मुताबिक जहां सामान्य चाकलेट 30 डिग्री सेल्सियस के तापमान पर पिघलने लगती है, वहीं यह सुपर चाकलेट 49 डिग्री सेल्सियस तापमान पर भी नहीं पिघलने की क्षमता रखती है। इसमें विटामिन ए, बी1 और सी जैसे पौष्टिक तत्वों को भी शामिल किया गया है।
विज्ञान पत्रिका ने सेना के वैज्ञानिक लैन बुई के हवाले से लिखा है कि वैज्ञानिक इस चाक लेट को और अधिक स्वादिष्ट बनाने पर ध्यान दे रहे हैं।
फिलहाल वैज्ञानिक दूध वाली चाकलेट को विकसित करने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं, उसके बाद कोको वाली डार्क चाकलेट तैयार की जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications