शेयर बाजार फिर से चले नरमी की राह (लीड)
मुंबई, 8 अप्रैल (आईएएनएस) एशियाई पूंजी बाजार में गिरावट और कल की तेजी के मद्देनजर हुई मुनाफा वसूली के मद्देनजर देश के प्रमुख शेयर बाजार मंगलवार को गिरकर बंद हुए।
बाजार समीक्षकों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशक फिलहाल सरकार द्वारा महंगाई को काबू में करने के लिए उठाए जाने वाले संभावित उपायों को लेकर लिवाली से बच रहे हैं। साथ ही अमेरिकी व यूरोपीय पूंजी बाजारों पर भी निवेशकों की निगाहें हैं। अमेरिकी अर्थव्यवस्था को लेकर वैश्विक स्तर पर जारी ऊहापोह की स्थिति को मौजूदा सप्ताह के दौरान वहां से प्रकाशित हाने वाले विभिन्न आर्थिक आंकड़ों से दशा और दिशा मिल सकती है।
मुंबई स्टाक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक जहां 169.46 अंक यानी 1.08 फीसदी की नरमी के साथ बंद हुआ वहीं, राष्ट्रीय शेयर बाजार (एनएसई) के 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी दिन के कारोबार की समाप्ति पर 51.55 अंक यानी 1.08 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुआ।
पूंजीगत वस्तुओं, सूचना प्रौद्योगिकी व तेल से संबंधित कंपनियों के शेयरों में भारी बिकवाली का दबाब देखा गया। कारोबार के दौरान विदेशी संस्थागत निवेशकों ने जहां बिकवाली पर जोर दिया वहीं, घरेलू संस्थागत निवेशकों के द्वारा चुनिंदा लिवाली की गई। बीसएई में आज कोराबार के दौरान कुल 1,393 शेयरों के भाव चढ़े। कुल 1,210 शेयरों के भाव गिरे जबकि कुल 69 शेयरों के भाव में कोर्ठ बदलाव नहीं देखा गया।
बीएसई के मिडकैप व स्मालकैप सूचकांक में हालांकि आज तेजी देखने को मिली। मिडकैप सूचकांक जहां 38.30 अंक यानी 0.60 फीसदी की तेजी के साथ बंद हुआ वहीं, स्मालकैप सूचकांक 36.23 अंक यानी 0.47 फीसदी चढ़कर 7,814.17 के स्तर पर बंद हुआ।
दिन के कोराबार के दौरान जिन कंपनियों के शेयर के भाव आज बीएसई में गिरे उनमें प्रमुख हैं: -सेल, भारती एयरटेल और टाटा कम्युनिकेशंस वहीं, विप्रो भेल, डीएलएफ, एसबीआई और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर के भाव चढ़े।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications