लंदन में ओलिम्पिक मशाल का विरोध

चीन विरोधी प्रदर्शनकारियों ने वैम्बले स्टेडियम में साढ़े दस बजे मशाल समारोह को रोकने का प्रयास किया।
मशाल के 31 मील लंबे रास्ते में जगह-जगह प्रदर्शनकारियों ने पुलिस का घेरा तोड़ा।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री गॉर्डन ब्राउन के मध्य लंदन स्थित कार्यालय 10 डाउनिंग स्ट्रीट के बाहर भी पुलिस और प्रदर्शनकारियों में झड़प हुई।
डाउनिंग स्ट्रीट पर प्रधानमंत्री ब्राउन ने स्वयं मशाल नहीं पकड़ी। उनके मंत्रालय की ओलंपिक मंत्री टेसा जोवेल ने कहा, "वैध और शांतिपूर्ण प्रदर्शन इस देश की गणतांत्रिक परंपरा का हिस्सा है और यह तस्वीरें दुनिया भर में दिखाई जाएंगी।"
उन्होंने कहा कि आगामी चार माह में दुनिया भर की आंखें चीन पर लगी रहेंगी। साथ ही उन्होंने कहा कि ब्रिटेन चीन पर इस बात का जोर देगा कि वह तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा से बात करे।
इससे पूर्व मशाल के लंदन पहुंचने पर ब्रिटेन में चीन की राजदूत फू यिंग को भी मशाल स्वागत की अपनी योजना में फेरबदल करना पड़ा था।
उन्हें एक कार में बैठा कर मध्य लंदन से ले जाया गया लेकिन बाद में उन्हें मशाल लेने चाइना टाउन जाना पड़ा।
एक अन्य स्थान पर पुलिस ने मशाल को अग्निशामक से बुझाने का प्रयास करने वाले दो प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया।
ब्रिटिश पुलिस के समूचे प्रयास में करीब 2000 पुलिसकर्मियों को मशाल की सुरक्षा के लिए तैनात किया गया था। इसके अतिरिक्त चीन के करीब एक दर्जन सुरक्षाकर्मी भी चौबीसों घंटे मशाल के पहरे पर रहे।


Click it and Unblock the Notifications