भारत में उत्पादन करेगी सुजुकी मोटर्स

मारुति सुजुकी इंडिया के प्रबंध निदेशक शिंजो नाकानिशी ने आईएएनएस को एक भेंटवार्ता में बताया, "विश्व स्तरीय कार का नया माडल इस वर्ष अंत तक पेश किया जाएगा। हमने यूरोप सहित दुनिया के सभी देशों में प्रति वर्ष नए माडल की 100,000 इकाईयां निर्यात करने का लक्ष्य रखा है।"
नई कार के उत्पादन के लिए संयंत्र में 15.24 अरब रुपये का निवेश किया गया है। इस संयंत्र की शुरुआती क्षमता प्रति वर्ष 100,000 कारों के उत्पादन की होगी जिसे बढ़ाकर 250,000 इकाई प्रति वर्ष तक किया जा सकेगा।
नाकानिशी ने कहा, "मुझे भरोसा है कि मारुति सुजुकी विश्व बाजार में सुजुकी के कारोबार में बड़ी भूमिका निभाने के लिए तैयार है। "
नाकानिशी ने कहा, "कंपनी आज इस स्थिति में है कि यूरोपीय बाजारों में निर्यात करने के लिए भारत में बिल्कुल नई तरह की छोटी कार का उत्पादन कर सके।"
गौरतलब है कि मारुति सुजुकी ने वर्ष 2007-08 में 764,942 वाहन बेचकर एक नया मुकाम हासिल किया है। पिछले वर्ष कंपनी की विकास दर 13.3 प्रतिशत थी।
उल्लेखनीय है कि मानेसर में कंपनी के कार संयंत्र की स्थापना 'मारुति सुजुकी आटोमोबाईल्स इंडिया' नामक एक संयुक्त उद्यम के रूप में की गई थी।


Click it and Unblock the Notifications